पीएमएसएमए की 10वीं वर्षगांठ पर विशेष आयोजन
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़ के अंतर्गत सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क प्रसवपूर्व (एएनसी) जांच शिविर आयोजित किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
शिविर के दौरान महिलाओं का वजन, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर तथा यूरिन जांच सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रत्येक गर्भवती महिला की जांच कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन किया तथा आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी दिया।
सुरक्षित मातृत्व के प्रति किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों के सेवन तथा संस्थागत प्रसव के महत्व की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों की समय पर पहचान कर मां और शिशु दोनों के सुरक्षित स्वास्थ्य को सुनिश्चित करना है। इसमें चिकित्सकों, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।













