मैनाटांड। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से इनरवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने की, जबकि अंचलाधिकारी आशीष आनंद की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और आपसी भाईचारे को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने पर्व के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी समुदायों का सहयोग आवश्यक है। वहीं अंचलाधिकारी आशीष आनंद ने कहा कि शांति, सद्भाव और सामाजिक एकता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने और आपसी भाईचारे की मिसाल कायम रखने की अपील की।

बैठक में इनरवा मुखिया रामदेव भगत, सरपंच ईनेश गिरी, उपमुखिया आनंद मिश्र, समिति सदस्य अमरेश गिरी, गैसुल अंसारी, रहमतुल्लाह अंसारी, पैक्स अध्यक्ष बुनिलाल कुशवाहा, जनार्दन प्रसाद कुशवाहा, अशोक कुशवाहा, सकरौल पंचायत के कृषि सलाहकार मैनुद्दीन अंसारी, हरिनारायण प्रसाद कुशवाहा, बाबू भइया गिरी तथा साबिर मियां सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मुहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।















