
संजीव तिवारी:बगहा
बगहा/ पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने रविवार को भैरोगंज थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में संधारित विभिन्न पंजी, अभिलेखों एवं लंबित मामलों की गहन समीक्षा की तथा पुलिस पदाधिकारियों को लंबित एवं निलंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सरकार एवं विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अनुसंधानकर्ताओं को निर्देशित किया कि जांच कार्य में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं तत्परता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने हरहा नदी के किनारे निर्माणाधीन भैरोगंज के नए थाना भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना भवन का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि भविष्य में पुलिस कर्मियों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस दौरान भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट को निर्देश दिया गया कि निर्माणाधीन भवन की नियमित निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।












