
वृद्धाश्रम "सहारा" में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम "सहारा" में मंगलवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आरोही कला संस्कृति वेलफेयर ट्रस्ट के सौजन्य से तथा अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित किया गया।
शिविर में वृद्धाश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों की आंखों की विस्तृत जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम द्वारा की गई। जांच के बाद जरूरतमंद लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं जिन वृद्धजनों में मोतियाबिंद या अन्य नेत्र संबंधी समस्याएं पाई गईं, उनके उपचार एवं ऑपरेशन की व्यवस्था भी अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल द्वारा 11 जून 2026 को की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम "सहारा" के अधीक्षक आदित्य मधुकर ने चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ का स्वागत किया। मेडिकल टीम ने वृद्धजनों की संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया।
इस अवसर पर आरोही कला संस्कृति वेलफेयर ट्रस्ट के सचिव चंदन झा, अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ, वृद्धाश्रम के अधीक्षक तथा अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
वृद्धजनों के स्वास्थ्य संरक्षण और बेहतर जीवन-स्तर सुनिश्चित करने की दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल साबित हुआ।














